पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोसीकलां (उत्तर प्रदेश)। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाईपास तिराहे पर एक अज्ञात कार सवार ने बाइक सवार एक युवक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक हाईवे पर जा गिरा और उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने युवक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कार को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार बाइक सवार अनिल पुत्र सत्यप्रकाश निवासी बिझौली थाना बाह जिला आगरा (32) अपनी बाइक से आगरा अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बाईपास तिराहे पर पहुंचा, इसी दौरान पीछे से आ रहे एक कार सवार ने कार को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिस कारण बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान हाइवे पर लंबा जाम लग गया।
दर्जनों लोग और राहगीर घटनास्थल पर पहुंचे
टक्कर की सूचना मिलते ही आसपास के दर्जनों लोग और राहगीर घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे बठैनगेट चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह एवं उपनिरीक्षक संदीप सिंह ने घायल युवक को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज बाईपास पर लगे जाम को वमुश्किल खुलवाया, तब कहीं जाकर यातायात सुचारू हो सका।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग
बताते चलें कि हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में पुलिस का बड़ा अभियान, 38 गिरफ्तार; भारी मात्रा में शराब बरामद