प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

बिजली विभाग की गाड़ी से भाजपा नेता की मौत

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं! बिजली विभाग की पिकअप ने भाजपा के पूर्व सेक्टर संयोजक को कुचला

जन्मदिन समारोह से लौट रहे भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान सेक्टर संयोजक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।

जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं बिजली विभाग की पिकअप ने भाजपा के पूर्व सेक्टर संयोजक को कुचला

Power Dept Vehicle Crushes BJP Leader |

बांदा {उत्तर प्रदेश}: जन्मदिन समारोह से लौट रहे भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान सेक्टर संयोजक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। परिवार के साथ खुशियां बांटकर घर लौट रहे गोरे सिंह चौहान (48) को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। ट्रांसफॉर्मर लादकर जा रही बिजली विभाग की पिकअप ने उनकी बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।

टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के उड़ गए परखच्चे

यह हादसा पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा स्थित यादव मंदिर के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और गोरे सिंह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुरा पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बांदा रेफर किया गया, लेकिन कालेश्वर के पास रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

भाजपा में सक्रिय थे गोरे सिंह चौहान

शेखुपुर निवासी गोरे सिंह चौहान खेती और ठेकेदारी के साथ भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वह पार्टी के निवर्तमान सेक्टर संयोजक रहे थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। घटना के समय वह कुम्हारिया डेरा से अपने मित्र के जन्मदिन समारोह से अपने घर लौट रहे थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गोरे सिंह अपने पीछे पत्नी कंचन, तीन बेटियां पल्लवी, पारुल और प्रिया तथा एक बेटा आर्यन छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी कंचन का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में भी घटना को लेकर गहरा दुख है।

पुलिस ने पिकअप को लिया कब्जे में

थानाध्यक्ष राममोहन राय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल ट्रांसफॉर्मर लदी बिजली विभाग की पिकअप को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े: मंदसौर में घर में घुसा विशाल मगरमच्छ, सीढ़ियों पर बैठे जलदैत्य को देख सहमा परिवार

Related to this topic: