नशामुक्त मध्यप्रदेश अभियान के तहत राजस्व विभाग और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात तस्कर के अवैध साम्राज्य पर बुलडोजर चला दिया है।
मंदसौर (मध्यप्रदेश)। नशामुक्त मध्यप्रदेश अभियान के तहत राजस्व विभाग और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात तस्कर के अवैध साम्राज्य पर बुलडोजर चला दिया है। गरोठ पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने राजस्थान मध्यप्रदेश सीमा पर ग्राम कुरलासी में NDPS एक्ट के आरोपी के अवैध कब्जे से करीब 6 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। शासन द्वारा मुक्त कराई गई इस जमीन की अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
5 घंटे चली संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई
अधिकारियों के निर्देशन में मंगलवार सुबह पुरी कार्रवाई हुई। यह कार्रवाई करीब 5 घंटे चली, गरोठ एसडीएम राहुल चौहान और एसडीओपी विजय कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने कुख्यात तस्कर के अवैध ठिकाने पर बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही। जेसीबी की मदद से तस्कर द्वारा किए गए अवैध निर्माण और अतिक्रमण को पूरी तरह ढहा दिया गया।
पहले भी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार हो चुका आरोपी
पुलिस के अनुसार, ग्राम बरखेड़ी निवासी आरोपी कुशाल सिंह और उसके साथी विक्रम सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के गंभीर मामले दर्ज हैं। बदमाश अवैध मादक पदार्थ अफिम, MD ड्रग्स के सप्लाई नेटवर्क का मुख्य कड़ी रहे हैं। विगत 21 अक्टूबर को गरोठ पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी कुशाल सिंह को गरोठ रेलवे स्टेशन से 150 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
कार्रवाई से तस्करों और माफियाओं में हड़कंप
प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध मादक पदार्थों के तस्करों और भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त अपराधियों और समाज विरोधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: अदानी पावर प्लांट में बड़ा हादसा, बॉयलर में फंसकर मजदूर की दर्दनाक मौत