दिल्ली के रोहिणी इलाके में बृहस्पतिवार को अपने दोस्त के जन्मदिन के मौके पर हर्ष में एक देसी तमंचे से गोली चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
Celebratory firing with a country-made pistol on a friend's birthday, accused arrested in Rohini |
नयी दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी इलाके में बृहस्पतिवार को अपने दोस्त के जन्मदिन के मौके पर हर्ष में एक देसी तमंचे से गोली चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गोली चलाने से कोई घायल नहीं
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस को शाम करीब 7:38 बजे रोहिणी के सेक्टर 3 में गोलीबारी के संबंध में सूचना मिली, जिसके बाद एक टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया, जिसकी पहचान रोहिणी के सेक्टर 24 निवासी करण भसीन के रूप में हुई।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
अधिकारी के मुताबिक, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो भसीन कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान, भसीन ने खुलासा किया कि वह अपने दोस्त चिराग धवन का जन्मदिन मनाने के लिए उसके कार्यालय गया था और जश्न में देसी तमंचे से एक गोली चला दी।
कूड़ेदान से तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने बताया कि भसीन की निशानदेही पर एक कूड़ेदान से .32 बोर का एक देसी तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए गए, जबकि घटनास्थल से कारतूस का खोखा भी बरामद किया गया। पुलिस ने कहा कि भसीन के खिलाफ पहले भी 13 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें: ‘काला’ या ‘मोटा’ कहने मात्र से तलाक का आधार नहीं: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट