मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिर्जापुर दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं ने शहर की समस्याओं और राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर शंख बजाकर विरोध जताया। पुलिस ने प्रदर्शन रोकते हुए नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लि
मिर्जापुर {उत्तर प्रदेश}: शहर की जनसमस्याओं, गड्ढायुक्त सड़कों, बिजली संकट, अमृत पेयजल योजना में कथित लापरवाही एवं अयोध्या में प्रभु राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी के विरोध में बुधवार, 8 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री के जनपद आगमन पर कांग्रेस नेताओं ने शंख बजाकर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की ज़िद पर अड़े कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले पुलिस हुई अलर्ट
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विधि कुमार सिंह एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजन पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने 8 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिर्जापुर आगमन पर ज्ञापन सौंपने और शंख बजाकर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। इसे लेकर पुलिस प्रशासन पहले से अलर्ट था। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ही कांग्रेस नेता विधि कुमार सिंह के आवास पर एकत्र हुए कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल तक पहुंच पाते, उससे पहले ही उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया।
जर्जर सड़क, बिजली और पेयजल योजना को लेकर उठाए सवाल
दरअसल, कांग्रेस नेता मिर्जापुर शहर की जर्जर सड़कों को लेकर लगातार मुखर हैं। उनका कहना है कि शहर की अधिकांश सड़कें गड्ढायुक्त हो चुकी हैं, जिससे आम जनता को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से आम नागरिक, व्यापारी और छात्र भी प्रभावित हैं। कांग्रेस नेताओं ने अमृत पेयजल योजना में भी अनियमितता और लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके कारण लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी पर जताया विरोध
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था आहत हुई है। कांग्रेस पार्टी ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता विधि कुमार सिंह, इमरान खान, जितेंद्र नाथ चौबे (प्रदेश उपाध्यक्ष, किसान कांग्रेस), मनोज चौरसिया, विजय दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुलिस के माध्यम से मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
इस दौरान शहर कोतवाली पुलिस के माध्यम से विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस पार्टी ने मांग की कि मुख्यमंत्री मिर्जापुर की मूलभूत समस्याओं को गंभीरता से लें और अयोध्या मंदिर की घटना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़े: मथुरा में साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस की 'हाईटेक क्लास', साइबर ठगों पर शिकंजा कसने की तैयारी