उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बलिया दौरे के दौरान गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
बलिया {उत्तर प्रदेश}: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बलिया दौरे के दौरान गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित निषाद पार्टी के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे मंत्री के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए उनके पुराने कथित बयान पर नाराजगी जताई।
विवादित बयान को लेकर जताया विरोध
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कुछ समय पहले डॉ. संजय निषाद ने एक कार्यक्रम के दौरान बलिया के लोगों को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता और छात्र नेता पीडब्ल्यूडी डाक बंगले के बाहर एकत्र हुए और मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की।
डाक बंगले के बाहर हुई नारेबाजी
मंत्री के डाक बंगले पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और करीब एक घंटे तक नारेबाजी करते रहे। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। स्थिति की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने कांग्रेस नेता सागर सिंह, राहुल, जैनेंद्र पांडेय सहित कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और मंत्री संजय निषाद अपने निर्धारित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
मंत्री की प्रतिक्रिया का इंतजार
गौरतलब है कि मंत्री के कथित बयान को लेकर बलिया में पहले भी राजनीतिक प्रतिक्रिया देखने को मिल चुकी है। इस विरोध प्रदर्शन के बाद एक बार फिर यह मुद्दा चर्चा में आ गया है। वहीं, समाचार लिखे जाने तक मंत्री डॉ. संजय निषाद की ओर से इस प्रदर्शन को लेकर कोई नई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
यह भी पढ़े: डिलीवरी के बाद महिला की मौत पर बवाल, शव लेकर अस्पताल पहुंचे परिजन