रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 स्थित एक ढाबे में खड़ी यात्री बस में सोमवार सुबह बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है।
रीवा (मध्यप्रदेश)। रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 स्थित एक ढाबे में खड़ी यात्री बस में सोमवार सुबह बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने महज कुछ मिनटों के भीतर बस में घुसकर एक CRPF जवान के लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना बस में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।
गढ़ थाना क्षेत्र में एक ढाबे पर रूकी थी बस
जानकारी के अनुसार, पीड़ित नमित कुमार सिंह, जो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सिपाही पद पर पदस्थ हैं और मूलतः बिहार निवासी हैं, महाराष्ट्र के नागपुर से वाराणसी की ओर संजय ट्रेवल्स की यात्री बस (क्रमांक MH-40 CT-0151) से सफर कर रहे थे। जवान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर जा रहे थे। इसी दौरान सोमवार सुबह करीब 6:08 बजे गढ़ थाना क्षेत्र के पास हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे पर बस रुकी, जहां अधिकांश यात्री फ्रेश होने के लिए नीचे उतर गए।
करीब ₹15 लाख कीमत का सामान चोरी
पीड़ित जवान के मुताबिक, वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ बस से नीचे उतरे थे, जबकि उनका छोटा बच्चा सीट पर मौजूद था। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक बस में घुसे और पहले अन्य सीटों व बैगों की तलाशी ली। बाद में जवान के पर्स और बैग को निशाना बनाते हुए उसमें रखे करीब 9 तोला सोने के जेवर एवं चांदी के अन्य आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

बच्चे को बहलाकर अंजाम दी वारदात
पीड़ित जवान ने बताया कि चोरों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया। बस में मौजूद छोटे बच्चे को बातों में उलझाकर एसी बंद करने के लिए कहा गया, ताकि उसका ध्यान भटक जाए। इसी बीच आरोपी ने सीट के ऊपर रखे पर्स से कीमती गहने निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। नकदी भी बैग में मौजूद थी, लेकिन चोरों ने केवल गहनों को निशाना बनाया।
CCTV में कैद हुई संदिग्धों की तस्वीर
बस में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो संदिग्ध बस के आसपास रेकी करते हैं, जबकि एक आरोपी बस के भीतर घुसकर बैगों की तलाशी लेता है। हालांकि आरोपियों ने कैमरे को प्रभावित करने का प्रयास भी किया, लेकिन उनकी तस्वीरें कैमरे में कैद हो गईं। अब पुलिस इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पहचान बताने वाले को 21 हजार रुपये इनाम
पीड़ित जवान नमित कुमार सिंह ने आरोपियों की पहचान बताने या पकड़वाने वाले व्यक्ति को 21 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। उनका कहना है कि यदि कोई व्यक्ति CCTV फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्धों की पहचान बताता है, तो उसे प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
हाईवे पर बढ़ती चोरी की घटनाओं से सवाल
गौरतलब है कि मनगवां से कटरा तक नेशनल हाईवे मार्ग पर इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। कभी खड़े वाहनों से डीजल चोरी तो कभी यात्री बसों में यात्रियों का सामान गायब होने की शिकायतें मिलती रही हैं। ऐसे में हाईवे किनारे ढाबों और बस स्टॉपिंग पॉइंट्स पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल, गढ़ थाना पुलिस ने पीड़ित जवान की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर पूरे चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: नाबालिग छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद