छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भुवनेश्वरपुर (बरपारा) की है।
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भुवनेश्वरपुर (बरपारा) की है। युवक की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुबह घर की परछी में फंदे से लटका मिला युवक
जानकारी के अनुसार, ग्राम भुवनेश्वरपुर निवासी मोलचंद प्रजापति (पिता–अमृतलाल प्रजापति) 3 अगस्त की रात अपनी पत्नी के साथ खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए थे। 4 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे उनकी पत्नी जब घर की परछी में पहुंचीं तो उन्होंने मोलचंद को कंडी में गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मोलचंद की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर-थ्रेशर के लिए लिया था ऋण
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मोलचंद ने ट्रैक्टर और थ्रेशर खरीदने के लिए ऋण लिया था। समय पर ऋण की किस्तें जमा नहीं हो पाने के कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे। परिजनों के अनुसार, तनाव के चलते उनका शराब सेवन भी बढ़ गया था। हालांकि, पुलिस ने अभी आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं की है।
सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस
पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: योगी सरकार की किसान रजिस्ट्री में बड़ी उपलब्धि, टॉप-10 में पहुंचा उत्तर प्रदेश