जनपद के धाता थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और गोवध निवारण अधिनियम के एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई।
फतेहपुर {उत्तर प्रदेश }: जनपद के धाता थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और गोवध निवारण अधिनियम के एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। ग्राम सरवनपुर निदौरा में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी अब्बास के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धाता पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया।
वांछित आरोपी अब्बास घायल
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान अब्बास पुत्र रहीम बख्श निवासी ग्राम सरवनपुर निदौरा, थाना धाता, जनपद फतेहपुर के रूप में हुई है। वह धाता थाने में गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमा संख्या 174/2026 में वांछित था।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) और आयुध अधिनियम की धारा 3/25 के तहत मुकदमा संख्या 175/2026 दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है।
चार मुकदमों में दर्ज है नाम
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, आरोपी अब्बास के खिलाफ अब तक प्राप्त जानकारी के आधार पर फतेहपुर जनपद के विभिन्न थानों में कुल चार अभियोग पंजीकृत हैं। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें: मैहर दर्शन को जा रहा परिवार हादसे का शिकार, स्टेयरिंग फेल होने से पेड़ से टकराई कार; दो बच्चियों समेत पांच घायल