चंदौली में जगदीश सराय से बबुरी की ओर जाने वाली महत्वपूर्ण सड़क पर गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण लगभग 50 गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। सोमवार को जगदीश सराय से मधुपुर होते हुए वृद्धाश्रम और बबुरी की ओर जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, यह मार्ग करीब 50 गांवों को जोड़ता है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं।
उचित ढलान नहीं होने के कारण पानी की निकासी ठीक से नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर गड्ढों के कारण बड़े वाहनों के गुजरने पर कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। सुबह और शाम के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव होने से गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी होती है।स्थानीय निवासी राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान उचित ढलान नहीं होने के कारण पानी की निकासी ठीक से नहीं हो पाती है।
कई बार बच्चे और बुजुर्ग सड़क पर फिसलकर हुए चोटिल
उनका आरोप है कि सड़क खराब होने के बावजूद मरम्मत नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि सड़क से वृद्धाश्रम आने-जाने वाले बुजुर्गों के साथ आसपास के प्राथमिक विद्यालय के छोटे बच्चों को भी परेशानी होती है। कई बार बच्चे और बुजुर्ग सड़क पर फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीण कुमार केशरी ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, नाली और खड़ंजे जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति खराब है।
कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
उन्होंने कहा कि सड़क से करीब 100 मीटर अंदर स्थित मिडिल स्कूल के आसपास भी नालियां बजबजा रही हैं। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।उन्होंने बताया कि यह मार्ग एनएच-2 से होते हुए मधुपुर और बहेरा के रास्ते भारतमाला एक्सप्रेसवे से जुड़ता है। करीब 50 गांवों के लोगों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण होने के बावजूद सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाली और जलभराव की समस्या को लेकर पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत, सड़क का उचित ढलान और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः एसी कोच से कंबल और चादर चुरा रहे यात्री, सामान गायब होने पर अटेंडरों की सैलरी कटी