सिंगरौली में टीएचडीसी परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। कंपनी ने 26 जून तक समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है, अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई है।
सिंगरौली (मध्यप्रदेश)। जिले के थाना व तहसील बरगवां क्षेत्र अंतर्गत टीएचडीसी परियोजना से तेंदुआ, बंधा, पिड़रवाह, पचौर, देवरी, ग्राम के प्रभावित एवं विस्थापित ग्रामीण अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं के निराकरण को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। धरना प्रदर्शन का बुधवार को दूसरा दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि टीएचडीसी कंपनी द्वारा समय-समय पर किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया, जिससे प्रभावित परिवारों में भारी नाराजगी और आक्रोश व्याप्त है।
कंपनी प्रबंधन एवं प्रशासन नही संतोषजनक कार्रवाई
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में प्रभावित एवं विस्थापित ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रोजगार, एसनाइन का मुआवजा, पुनर्वास, विद्यालय, अस्पताल, तथा अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कई बार कंपनी प्रबंधन एवं प्रशासन के समक्ष मांगें रखी गईं, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।
कंपनी ने समस्याओं के निराकरण के लिए मांगा समय
इसी कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। धरने के दौरान कंपनी प्रबंधन एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद कंपनी की ओर से समस्याओं के निराकरण के लिए 26 जून 2026 तक का समय मांगा गया है। साथ ही प्रबंधन ने निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों के समाधान का भरोसा भी दिया है।
मांगों का उचित निराकरण नहीं करने पर करेंगे आंदोलन
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि 26 जून तक उनकी मांगों का उचित निराकरण नहीं किया जाता है तो 27 जून 2026 को आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, तथा कंपनी के खिलाफ व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन कर सभी कार्यों को बंद करवाया जाएगा।ग्रामीणों को अब 26 जून तक कंपनी प्रबंधन द्वारा किए गए आश्वासन के पूरा होने का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: फतेहपुर में जमीन विवाद में भाई ने भाई की हत्या, पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार