राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच पुलिस ने करीब 1.63 किलोग्राम चरस के साथ एक महिला और उसके पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भोपाल (एमपी)। राजधानी में क्राइम ब्रांच पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने करीब 1.63 किलोग्राम चरस के साथ एक महिला और उसके पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
खाकी टेप से लपेटकर वॉशिंग मशीन में रखा था
कुल 1.630 किलोग्राम चरस, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में आंकी गई है। तस्करों ने खाकी टेप में लिपटे चरस के पैकेटों को वॉशिंग मशीन के ड्रायर के अंदर छिपाकर रखा था। पुलिस ने मप्र की राजधानी में गायत्री मंदिर (MP नगर) के पास दबिश देकर इस गिरोह को पकड़ा।
क्राइम ब्रांच को मिली थी सूचना
क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गायत्री मंदिर के पास एक व्यक्ति एक्टिवा पर संदिग्ध हालत में खड़ा है और मादक पदार्थ बेचने की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी कर सबसे पहले मंजूर मोहम्मद उर्फ जुनेद को पकड़ा, जिसके पास से 125 ग्राम चरस बरामद हुई।
जुनैद से पूछताछ, नौशीन व पति जावेद तक पुहंची
मंजूर से पूछताछ के बाद पुलिस शाहजहांनाबाद स्थित नौशीन खान के घर पहुंची। वहां तलाशी के दौरान पुलिस तब हैरान रह गई जब उन्हें वॉशिंग मशीन के ड्रायर के अंदर से 1.5 किलो से ज्यादा चरस मिली। पुलिस ने नौशीन और उसके पति जावेद उर्फ चिकना को तुरंत हिरासत में ले लिया।
जावेद पर कई मामले है दर्ज
जांच में सामने आया कि जावेद खान पर पहले से ही एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह गिरोह घर से ही चरस बेचने का अवैध धंधा चला रहा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/australian-man-found-mysteriously-in-ratlam-forest-at-night/157339
रतलाम के जंगल में मिला ऑस्ट्रेलिया का युवक, मौके पर पहुंचे पुलिस और ग्रामीण