प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

नमाज के दौरान बुजुर्ग पर जानलेवा हमला

मस्जिद में शॉक-अप पाइप से बुजुर्ग के सिर पर ताबड़तोड़ वार

कोरबा के कटघोरा में नमाज के दौरान 55 वर्षीय महबूब आलम पर बाइक के शॉक-अप पाइप से हमला करने के आरोपी माजिद हुसैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

मस्जिद में शॉक-अप पाइप से बुजुर्ग के सिर पर ताबड़तोड़ वार

नमाज के दौरान बुजुर्ग पर जानलेवा हमला |

कोरबा: कटघोरा के वार्ड क्रमांक-8, शास्त्री नगर (पूछापारा) स्थित मक्का मस्जिद में नमाज के दौरान 55 वर्षीय बुजुर्ग पर बाइक के शॉक-अप से हमला करने वाले शातिर आरोपी माजिद हुसैन (33 वर्ष) को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को तहसीलदार न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, वहीं पुलिस मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद मामले में और भी गंभीर धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।

नमाज के दौरान बुजुर्ग पर हमला

विदित हो कि पूछापारा निवासी महबूब आलम (55 वर्ष) मस्जिद में नमाज अदा कर रहे थे, तभी आरोपी माजिद हुसैन हाथ में बाइक का लोहे का शॉक-अप (सॉकर) पाइप लेकर वहां पहुंचा और महबूब आलम के सिर पर ताबड़तोड़ जानलेवा वार कर दिया। अन्य नमाजियों ने बीच-बचाव कर बुजुर्ग की जान बचाई थी। हमले में बुजुर्ग के सिर पर 12 टांके आए और उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था।

​हिरासत में भी गवाहों को धमकाने का आरोप

घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी की तलाश में कटघोरा पुलिस लगातार लगी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। हैरत की बात यह रही कि पुलिस हिरासत में आने के बाद भी आरोपी के तेवर कम नहीं हुए। वह मस्जिद में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और गवाहों को उंगली दिखाकर धमकाने और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश करता नजर आया। पुलिस ने आरोपी को तुरंत कटघोरा थाना लाकर शांति भंग करने और माहौल खराब करने के मामले में प्रतिबंधात्मक धारा 151 के तहत कार्रवाई की। 

मेडिकल रिपोर्ट के बाद बढ़ सकती हैं गंभीर धाराएं

इसके बाद उसे तहसीलदार कोर्ट कटघोरा में पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल कर दिया गया है। कटघोरा पुलिस का कहना है कि घायल बुजुर्ग की विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट (क्वेरी रिपोर्ट) आते ही मामले में जानलेवा हमले सहित अन्य गैर-जमानती गंभीर धाराओं के तहत अग्रिम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। आदतन अपराधी पर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। 

ये भी पढ़ें- 'मथुरा में जलभराव और जल निकासी की समस्याओं से जनता परेशान, मेयर साहब गायब'
 

Related to this topic: