बिना नंबर प्लेट की बाइक पर घूम रहे बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
नोएडा(उत्तर प्रदेश)। थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में गढ़ी गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से बदमाश शुभम उर्फ शिवम उर्फ शुभम राजपूत घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गढ़ी गोल चक्कर के पास हुआ मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को पुलिस टीम गढ़ी गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर आ रहे संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह यू-टर्न लेकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई।
आरोपी पर अलग-अलग मामलों में 16 मुकदमे दर्ज
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, शुभम के खिलाफ नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत अलग-अलग मामलों में 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें: 'बेशक, मेरे बच्चे होंगे': सलमान खान ने पिता बनने की इच्छा जताई, 'कॉफी विद करण' में अविवाहित रहने पर की बात