अखबार में छपे CNG पंप के विज्ञापन पर भरोसा करना एक किसान को महंगा पड़ गया, जब उससे 13.21 लाख रुपये की कथित ठगी कर ली गई।
रायबरेली,(उत्तर प्रदेश)। सीएनजी पेट्रोल पंप की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर एक किसान से लाखों रुपये ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जालसाजों ने शातिर तरीके से झांसे में लेकर किसान से कुल 13 लाख 21 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर व एसपी के निर्देश के बाद पुलिस ने दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
समाचार पत्र में देखा था विज्ञापन
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बाल्हेमऊ निवासी किसान मुकेश कुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने एक समाचार पत्र में 'नेचुरल सिटी गैस' के नाम से सीएनजी पेट्रोल पंप का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर जब उन्होंने संपर्क किया, तो दूसरी ओर से एक महिला ने बात की। महिला ने खुद को कंपनी की सेक्रेटरी बताते हुए अपना नाम तनुजा पटवाल बताया।
रजिस्ट्रेशन और सिक्योरिटी के नाम पर ऐंठे रुपये
पीड़ित के मुताबिक, इसके बाद अपूर्व मिश्रा नाम के एक अन्य व्यक्ति ने खुद को कंपनी का मैनेजर बताते हुए फोन किया और पंप लगाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। शातिरों ने सबसे पहले पीड़ित से जमीन के कागजात व्हाट्सऐप पर मंगवाए। कागजात देखने के बाद रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर 5,900 रुपये ट्रांसफर करवाए गए।
कुल 13 लाख 21 हजार रुपये की हुई ठगी
इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग शुल्क और सिक्योरिटी मनी (सुरक्षा राशि) के नाम पर झांसा देकर आरटीजीएस, पेटीएम और नकद मिलाकर कुल 13 लाख 21 हजार रुपये जमा करवा लिए। पीड़ित ने बताया कि इस कुल रकम में 1.75 लाख रुपये नकद भी शामिल हैं। काफी समय बीतने और पंप की प्रक्रिया आगे न बढ़ने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और बैंक खातों व कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः केतन अग्रवाल हत्याकांड: कार की जांच तेज, फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला