आबूरोड में टिकट चेकिंग स्टाफ ने ट्रेन में संदिग्ध चार लोगों को पकड़ा। तलाशी में 8 मोबाइल फोन और 4500 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपियों को RPF के हवाले किया गया।
आबूरोड (राजस्थान)। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में ऑन-ड्यूटी टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता से ट्रेन में यात्रियों के सामान व मोबाइल चोरी करने वाले चार संदिग्धों को पकड़ने में सफलता मिली है। गाड़ी संख्या 19412 दौलतपुर चौक-साबरमती एक्सप्रेस में कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 मोबाइल फोन और ₹4500 की नकदी बरामद हुई।
जनरल कोच में संदिग्ध हालत में घूम रहे थे चारों आरोपी, पूछताछ के बाद खुला राज
21 अगस्त को आबूरोड का टिकट चेकिंग स्टाफ जयपुर से आबूरोड के बीच ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान जनरल कोच में टीटीई टीम को चार व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए। टीम ने चारों से पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से 8 मोबाइल फोन तथा ₹4500 की नकदी बरामद हुई। सामान चोरी का होने के संदेह पर चारों को हिरासत में लिया गया।
अजमेर स्टेशन पहुंचते ही चारों आरोपियों को आरपीएफ के सुपुर्द किया
टीटीई स्टाफ ने चारों आरोपियों को बरामद 8 मोबाइल फोन और नकदी सहित अजमेर स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट अजमेर के सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ द्वारा आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेनों में चोरी की शिकायतों को देखते हुए चेकिंग स्टाफ को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए थे।
आबूरोड के तीन टीटीई की सतर्कता की रेलवे प्रशासन ने की सराहना
इस कार्रवाई में आबूरोड टीटीई हरीश जांगिड़, पंकज जटिया तथा इब्राहिम काठात की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टिकट चेकिंग स्टाफ की सतर्कता के चलते ट्रेन में यात्रियों के सामान और मोबाइल चोरी करने वाले संदिग्धों को पकड़कर आरपीएफ के हवाले किया गया। रेल प्रशासन ने टीम के इस सराहनीय एवं साहसिक कार्य की प्रशंसा की है।
यह भी पढ़े: बलिया में आभूषण कारोबारी से लूट का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के 6 बदमाश गिरफ्तार