जसवंतनगर के आशुतोष यादव उर्फ टोनू यादव ने अश्ववी यादव उर्फ शिवांगी यादव समेत पांच लोगों पर ऑनलाइन दोस्त कर करोड़ों की धोखाधरी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
इटावा (उत्तर प्रदेश)। जसवंतनगर निवासी आशुतोष यादव उर्फ टोनू यादव ने एसएसपी इटावा को प्रार्थना पत्र देकर अश्ववी यादव उर्फ शिवांगी यादव समेत पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि अप्रैल 2024 से मई 2026 के बीच अलग-अलग माध्यमों से उससे 1 करोड़ 75 लाख 68 हजार 683 रुपये लिए गए और करीब 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई।
शॉपिंग व अन्य खर्च कराए जाने का आरोप
टोनू यादव के मुताबिक, सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से पहले दोस्ती और नजदीकी बढ़ाई जाती थी। इसके बाद आगरा, नोएडा और लखनऊ जैसे शहरों में महंगे मॉल, बार और अन्य स्थानों पर ले जाकर शॉपिंग व अन्य खर्च कराए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का दावा है कि इसी दौरान निजी फोटो, वीडियो और बातचीत की रिकॉर्डिंग की गई, जिनका बाद में कथित तौर पर दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया।
झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
शिकायत में निजी सामग्री सार्वजनिक करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रकम मांगने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने बैंक ट्रांसफर के साथ नकद भुगतान किए जाने की भी बात कही है। टोनू यादव ने पुलिस से संबंधित लोगों के मोबाइल फोन, कॉल हिस्ट्री, चैट, बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। शिकायत के साथ बैंक विवरण और अन्य दस्तावेज लगाए जाने का भी दावा किया गया है।
मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग
उन्होंने अश्ववी यादव उर्फ शिवांगी यादव, नीतू सिंह यादव, शिवम यादव, गीतांजलि जादौन और अभिषेक यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल आरोप शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः कासगंज रोड पर ट्रक और रोडवेज बस की भीषण भिड़ंत, दोनों चालक समेत कई यात्री घायल