हरियाणा के अंबाला शहर के निकट धूलकोट गांव में रविवार को निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए।
अंबाला (हरियाणा)। अंबाला शहर के निकट धूलकोट गांव में रविवार को निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसा शाम से ठीक पहले उस समय हुआ, जब इमारत का निर्माण कार्य जारी था।
12 घायल मजदूरों को अस्पताल भेजा
अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस व आपात सेवाओं को सूचना दी गयी। एक घायल मजदूर ने बताया कि कुछ श्रमिक भूतल पर काम कर रहे थे, जबकि अन्य ऊपर निर्माण कार्य में लगे थे। अंबाला की सिविल सर्जन रेणु बेरी ने संवाददाताओं को बताया कि 12 घायल मजदूरों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से पांच का अभी इलाज चल रहा है, दो को अनुरोध पर छुट्टी दे दी गई जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
चार लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया
उन्होंने बताया, ‘‘शाम को चार लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उनके शवों को शवगृह में रखवा दिया गया है।’’ अंबाला के पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने शाम को संवाददाताओं से बातचीत में घटना में चार लोगों की मौत होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), पुलिस और प्रशासन की टीम राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या मलबे के नीचे और लोग फंसे हैं, पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘दो-तीन लोगों का पता लगा लिया गया है और उन्हें बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’
(इनपुटः भाषा)
यह भी पढ़ेंः बैंक यूनियन ने आईबीए के आश्वासन के बाद तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल स्थगित की