जिले में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में पिछले पांच दिनों के दौरान 1653 नए मरीज इलाज के लिए पहुंचे हैं।
चंदौली {उत्तर प्रदेश}: जिले में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय में पिछले पांच दिनों के दौरान 1653 नए मरीज इलाज के लिए पहुंचे हैं। इनमें सबसे अधिक संख्या बच्चों और गर्भवती महिलाओं की बताई जा रही है।
बच्चों और गर्भवती महिलाओं पर सबसे ज्यादा असर
राजकीय महिला चिकित्सालय, मुगलसराय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं की संख्या सबसे अधिक है। लगातार बढ़ती गर्मी और हीट वेव के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं।
बच्चों में बढ़े श्वसन और त्वचा रोग के मामले
डॉ. चतुर्वेदी के अनुसार, बच्चों में सबसे ज्यादा श्वसन तंत्र से जुड़ी बीमारियां सामने आ रही हैं। इसके अलावा कई मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं से भी पीड़ित पाए गए हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
गर्मी से बचाव के लिए दी सलाह
चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि बच्चों को बाहर ले जाते समय पूरी आस्तीन के कपड़े पहनाएं और उनका सिर अच्छी तरह ढककर रखें। छोटे बच्चों को तेज धूप में बाहर न निकालें। विशेष रूप से दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे के बीच उन्हें घर के अंदर ही रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस दौरान हीट वेव का असर सबसे अधिक रहता है।
स्वास्थ्य विभाग चला रहा जागरूकता अभियान
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को गर्मी से बचाव के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं, जबकि माइकिंग के जरिए भी लोगों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने नागरिकों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप से बचने और किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
यह भी पढ़े: बच्चा चोरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल; जांच में निकला मानसिक रूप से अस्वस्थ