सहारनपुर के फतेहपुर क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मौके से तमंचे, कारतूस और उपकरण बरामद किए गए।
Illegal Arms Factory Busted in Saharanpur with 9 Weapons and Large Quantity of Equipment Seized, One accused arrested |
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से रोहित उर्फ बाबा निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना बिहारीगढ़ को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक निर्मित तमंचा 315 बोर, दो पोना बंदूक 12 बोर, 6 अर्धनिर्मित तमंचे, चार नाल, सात जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से किया अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जिले में अवैध हथियारों और उनसे की गई फायरिंग की घटनाओं की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर रही थी, लेकिन जब मामलों के बैकवर्ड लिंकेज की जांच की गई तो फतेहपुर क्षेत्र में अवैध हथियार फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया। पूछताछ में सामने आया कि यह फैक्ट्री करीब एक से डेढ़ महीने पहले ही शुरू हुई थी। आरोपी स्वयं हथियार बनाकर स्थानीय स्तर पर बेचते थे।
आपराधिक नेटवर्क हुआ ध्वस्त
पुलिस के अनुसार अभी इनका नेटवर्क बहुत बड़ा नहीं था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो यह एक बड़े आपराधिक सिंडिकेट का रूप ले सकता था। एसपी देहात ने कहा कि चुनाव और अन्य संवेदनशील परिस्थितियों में ऐसे अवैध हथियार कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बन सकते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर संभावित आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरार आरोपियों समेत पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
कोर्ट में किया गया पेश
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अब तक कितने अवैध हथियार तैयार कर किन लोगों तक पहुंचाए गए। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर में डीजे का भारी बॉक्स गिरने से साढ़े 4 साल के मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में पसरा मातम