औरंगाबाद में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही शराब, बाइक और शमन राशि भी बरामद की गई।
औरंगाबाद (बिहार)। पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार वर्मा के निर्देश पर गुरुवार की देर रात जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अन्य अवैध सामग्रियों की तस्करी पर रोक लगाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। अभियान के फलस्वरूप जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के फलस्वरूप 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 10 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
शराब और बाइक जब्त
पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पॉक्सो में एक, हत्या के प्रयास में छह, मद्य निषेध अधिनियम के तहत पांच तथा अन्य मामलों में 36 लोगों की गिरफ्तारी की गई। 36.80 लीटर देसी शराब एवं एक बाइक जब्त किया गया है। वाहन जांच अभियान के तहत 988 वाहनों की जांच की गई जिसमें 24500 रूपये शमन की राशि वसूल की गई। 18 वारंट एवं दो कुर्की का निष्पादन किया गया है।
एसपी ने कहा- अपराध नियंत्रण के लिए लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए पुलिस की सक्रियता के साथ विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ताकि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी के पास भी नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी सूचना हो तो पुलिस से साझा करें सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: गोण्डा में जानलेवा हमले के मामले में दो वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, पुलिस ने न्यायालय भेजा