पश्चिम बंगाल के मयनागुड़ी में एनएच-27 पर बस और लॉरी की टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई और 29 लोग घायल हो गए। पुलिस और प्रशासन राहत कार्य में जुटे हैं।
मयनागुड़ी (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के मयनागुड़ी क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर रविवार को एक बस की लॉरी से टक्कर हो जाने के बाद कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 अन्य घायल हो गए।
32 लोगों को अस्पताल में लाया गया, चार ने तोड़ा दम
भाजपा सांसद जयंता कुमार रॉय ने एएनआई से बात करते हुए, कहा कि दुर्घटना में घायल हुए 32 लोगों को पास के अस्पताल में लाया गया, जिनमें से चार ने बाद में दम तोड़ दिया। उन्होंने कहा, "आज जलपाईगुड़ी में एक दुर्घटना हुई। दुर्घटना में घायल हुए 32 लोगों को इस अस्पताल में लाया गया लेकिन उनमें से चार लोगों की मौत हो गई है। रॉय के अनुसार, दुर्घटना के बाद 17 महिलाओं और 15 पुरुषों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों को आगे के इलाज के लिए अन्य चिकित्सा केंद्रों में स्थानांतरित किया जा रहा है।
पुलिस ने की जांच शुरू, डीआईजी ने किया मौके का दौरा
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है, वहीं उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सहित वरिष्ठ अधिकारी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे हैं। सांसद रॉय ने आगे कहा, "कुछ मरीजों को अन्य अस्पतालों में स्थानांतरित किया जा रहा है। यहां 17 महिला और 15 पुरुषों को लाया गया था। मुख्यमंत्री ने डीआईजी को निर्देश दिया कि घायलों को हर संभव सहायता दी जाए।"
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, राहत कार्य जारी
मुख्यमंत्री ने भी मायनागुड़ी में एनएच-27 पर हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया, मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होने कहा कि स्थानीय अधिकारी घटनास्थल पर बचाव और राहत अभियान चला रहे हैं।
मयनागुड़ी सड़क हादसे पर अधिकारी का बयान, जताया गहरा दुख
सीएम अधिकारी ने कहा, "आज मायनागुड़ी के एनएच-27 पर उल्लादबरी जोराबाद में हुए दुखद सड़क हादसे से मैं बेहद व्यथित हूं , जिसमें एक ट्रक ने यात्रियों से भरी बस को टक्कर मार दी। इस भयावह घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं मृतक के परिजनों के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति व्यक्त करता हूं और सभी घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" (Source: ANI)
यह भी पढ़ेंः सात माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप