झालावाड़ में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 7.09 ग्राम स्मैक, 7.68 लाख रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त हुंडई वेन्यू कार जब्त की है।
झालावाड़ (राजस्थान)। अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घाटोली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.09 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक, स्मैक की खरीद-फरोख्त से संबंधित 7 लाख 68 हजार रुपये नकद तथा तस्करी में प्रयुक्त हुंडई वेन्यू कार जब्त की है।
विशेष अभियान के तहत पुलिस ने गठित की टीम
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन, निर्माण और खपत में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद्र मीणा के निर्देशन तथा वृत्त अकलेरा के पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार सोनी के सुपरविजन में थानाधिकारी घाटोली रामस्वरूप राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
नाकाबंदी देखकर कार चालक ने भगाया वाहन, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की रात गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान नानाखेड़ा तिराहा, घाटोली पर एक काले रंग की हुंडई वेन्यू कार आती दिखाई दी। पुलिस नाकाबंदी देखकर कार चालक वाहन को भगाकर ले गया। विशेष टीम ने पीछा कर कार को डिटेन किया और नियमानुसार तलाशी ली।
कार की सीट में बने लोहे के बॉक्स से मिली स्मैक और नकदी
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी के बाईं ओर पीछे वाली सीट के कवर को हटाकर जांच की गई तो सीट के बीच में काटकर एक लोहे का बॉक्स बना हुआ मिला। बॉक्स के अंदर पारदर्शी जिप वाली थैली में 7.09 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 7 लाख 68 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।
चार आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में मुकेश तंवर, कैलाश तंवर, दिनेश तंवर और बबलू तंवर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर स्मैक की खरीद-फरोख्त और मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के संबंध में अनुसंधान किया जा रहा है।
एक आरोपी की संपत्ति पहले फ्रीज, दूसरा था वांछित
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मुकेश तंवर के खिलाफ पूर्व में भी धारा 68 एफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर 2025 को उसकी संपत्ति फ्रीज की गई थी, जिसमें इस प्रकरण में जब्त की गई वेन्यू कार भी शामिल थी। वहीं आरोपी कैलाश तंवर थाना झालरापाटन एनडीपीएस एक्ट के तहत वांछित था।
यह भी पढ़ें: चंदौली के मुगलसराय में कथित साइबर फ्रॉड गैंग का खुलासा, कई लोग हिरासत में