झालावाड़ में सोशल मीडिया पर धारदार हथियार लहराकर वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को बकानी पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार भी बरामद किया।
झालावाड़ (राजस्थान)। सोशल मीडिया पर धारदार घुमावदार लोहे का छुर्रा (धारदार औजार) लहराकर वीडियो वायरल कर आमजन में भय का माहौल पैदा करने के मामले में बकानी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वीडियो में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया है।
हथियारों के साथ फोटो-वीडियो पोस्ट कर रहे असामाजिक तत्व: पुलिस
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच कुछ असामाजिक तत्व झूठी शान और रुतबा कायम करने के उद्देश्य से हथियार अथवा हथियार जैसे दिखने वाले उपकरणों के साथ फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। इसके अलावा बिना तथ्यात्मक पुष्टि के भ्रामक खबरें और रील वायरल कर आमजन में भय एवं असुरक्षा का वातावरण पैदा करने के मामले भी सामने आ रहे हैं।
सोशल मीडिया निगरानी से वीडियो वायरल करने वाले अकाउंट की पहचान
शिकायत मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा एवं वृताधिकारी झालावाड़ हर्षराज सिंह खरेड़ा के निकट सुपरविजन में बकानी थानाधिकारी हरि सिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं सोशल मीडिया निगरानी के आधार पर वीडियो वायरल करने वाले अकाउंट संचालक की पहचान की।
23 वर्षीय बाबूलाल गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी बाबूलाल पुत्र बदेसिंह, जाति गुर्जर, उम्र 23 वर्ष, निवासी बोरझड़ी, थाना बकानी, जिला झालावाड़ को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी हरि सिंह मीणा, सहायक पुलिस निरीक्षक सुजानसिंह, सहायक पुलिस निरीक्षक लाजपत, कांस्टेबल शोभाराम नंबर, कांस्टेबल प्रेम कुमार तथा कांस्टेबल शिवलाल शामिल रहे।
पुलिस की अपील, हथियारों के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर न डालें
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर ऐसी भ्रामक सामग्री प्रसारित नहीं करें, जिसमें अपराधियों का महिमामंडन हो अथवा आमजन में भय का माहौल बने। साथ ही हथियार या हथियार जैसे दिखने वाली वस्तुओं के साथ फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से बचें।
यह भी पढ़े: निज्जर हत्याकांड के कथित ऑडियो पर भारत के पूर्व हाई कमिश्नर संजय वर्मा की सावधानी की अपील, बोले- स्वतंत्र पुष्टि बाकी