प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जल गंगा संवर्धन में डिंडौरी का देशभर में तृतीय स्थान, कलेक्टर बोलीं-जल संरक्षण सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी

प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत डिंडौरी ने मध्यप्रदेश में प्रथम तथा देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।

जल गंगा संवर्धन में डिंडौरी का देशभर में तृतीय स्थान कलेक्टर बोलीं-जल संरक्षण सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी 

देशभर में बढ़ते जल संकट को देखते हुए केंद्र से लेकर प्रदेश सरकार तक जल संचरण के लिए कई योजनाएं चला रही है. वहीं मध्यप्रदेश सरकार भी बढ़ते जल संकट को देखते हुए महत्वाकांक्षी जल गंगा संवर्धन अभियान का नेतृत्व कर रही है. जल संरक्षण और जल संवर्धन के क्षेत्र में डिंडौरी जिले ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत डिंडौरी ने मध्यप्रदेश में प्रथम तथा देशभर में तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है अभियान के दौरान डिंडौरी जिले में जल संरक्षण से जुड़ी कुल 8 लाख 3 हजार 979 संरचनाओं का निर्माण किया गया. इनमें कुएं, तालाब, नहर, जलाशय, खेत तालाब, डगवेल रिचार्ज, कंटूर ट्रेंच, गली प्लग, परकोलेशन टैंक, बोरी बंधान, ड्रिप इरिगेशन और मटका सिंचाई जैसी अनेक संरचनाएं शामिल हैं. इन कार्यों का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन, भूजल स्तर में वृद्धि और भविष्य के जल संकट से निपटने के लिए स्थायी व्यवस्था तैयार करना रहा. अभियान की सफलता में जिले के विभिन्न विभागों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही. कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने स्वयं कई गांवों का दौरा कर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया तथा श्रमदान में शामिल होकर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, पत्रकारों और आम नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है. डिंडौरी की यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।