प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सरकार ने सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन

महाराष्ट्र में TET परीक्षा के पेपर लीक होने पर राजनीतिक बवाल

महाराष्ट्र टीईटी 2026 पेपर लीक विवाद में सरकार ने एसआईटी जांच के आदेश दिए हैं, जबकि विपक्ष ने इसे लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

महाराष्ट्र में tet परीक्षा के पेपर लीक होने पर राजनीतिक बवाल

Maharashtra TET 2026 Paper Leak Controversy |

मुंबई,(महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के कथित पेपर लीक मामले ने शनिवार को राज्य की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) के गठन का आदेश दिया है, जबकि विपक्ष ने सरकार पर हमला बोलते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग की है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान कथित पेपर लीक का हुआ खुलासा

यह विवाद तब और गहरा गया जब महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने ठाणे में पुलिस कार्रवाई के दौरान कथित पेपर लीक का खुलासा होने के बाद 28 जून को होने वाली TET परीक्षा को पूरे राज्य में स्थगित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने ठाणे के संयुक्त पुलिस आयुक्त पंजाबराव उगाले के नेतृत्व में SIT गठित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री दादा भूसे और पुलिस महानिदेशक से बातचीत कर इस मामले में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

लाखों उम्मीदवारों का भविष्य प्रभावित

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा, कि पेपर लीक के पीछे शामिल लोगों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MCOCA) के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा, कि सरकार निष्पक्ष जांच करेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इसी बीच, सरकार की ओर से दावा किया गया, कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर एक बड़े पेपर लीक नेटवर्क का पर्दाफाश किया, जिससे लाखों उम्मीदवारों का भविष्य प्रभावित होने से बचा। सरकार ने आश्वासन दिया है, कि परीक्षा पारदर्शी तरीके से दोबारा आयोजित की जाएगी।

युवाओं के भविष्य के साथ धोखा

वहीं विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर सरकार पर तीखा प्रहार किया है। कांग्रेस और शिवसेना (UBT) समेत कई नेताओं ने इसे सरकार की विफलता बताया और लगातार हो रहे परीक्षा पेपर लीक पर चिंता जताई। कुछ नेताओं ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इसे युवाओं के भविष्य के साथ धोखा बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए हैं। वहीं, आदित्य ठाकरे और अन्य विपक्षी नेताओं ने इसे प्रशासनिक विफलता करार दिया।

ठाणे पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत

इधर, ठाणे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनके पास से कथित असली प्रश्नपत्र, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामग्री बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, यह एक संगठित रैकेट का हिस्सा हो सकता है, जिसकी जांच SIT कर रही है। अधिकारियों ने बताया, कि जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। (एएनआई)

यह भी पढ़ेंः कर्णप्रयाग झड़प के बाद बड़ा अपडेट: चार निहंग सिखों को कोर्ट से जमानत

Related to this topic: