प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

वाराणसी डकैती का मामला सुलझा

वाराणसी मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली, 8 गिरफ्तार

वाराणसी के चेतगंज में 5 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा किया। मुठभेड़ में मुख्य आरोपी घायल हुआ और कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की रकम व हथियार बरामद किए गए।

वाराणसी मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली 8 गिरफ्तार

Main Accused Injured in Encounter, 8 Arrested |

वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। चेतगंज थाना क्षेत्र में प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए ले जाए जा रहे पांच लाख रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें मुख्य आरोपी आकाश सेठ के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को किया गिरफ्तार 

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों की घेराबंदी की। इस दौरान मुख्य आरोपी आकाश सेठ ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आशीष मौर्य को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुलिस ने अभियान चलाकर कुल आठ आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

लूट की रकम, हथियार और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के पूरे पांच लाख रुपये, एक पिस्टल, दो खोखा कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर रामनगर क्षेत्र से उन्हें गिरफ्तार किया गया।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने इस मामले में आकाश सेठ, आशीष मौर्य, सिपाही उर्फ विजय यादव, आकाश यादव, प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्य, अमित कुमार और जावेद अख्तर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

लूटकांड के सफल खुलासे पर काशी जोन के पुलिस उपायुक्त ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है। 

यह भी पढ़ें:    बाराबंकी में सांप के काटने से 25 वर्षीय महिला की मौत, झाड़-फूंक के कारण इलाज में हुई देरी

Related to this topic: