प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

बैतूल में बड़ा हादसा

बिना सुरक्षा रेलिंग वाली पुलिया के नीचे पलटी कार, दो की हालत नाजुक

पंचमढ़ी जा रही एक कार बिना सुरक्षा रेलिंग वाली पुलिया के नीचे जा गिरी जिससे कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

बिना सुरक्षा रेलिंग वाली पुलिया के नीचे पलटी कार दो की हालत नाजुक

Major Accident in Betul |

बैतूल (मध्य प्रदेश)। सोमवार सुबह पंचमढ़ी जा रही एक कार ग्राम इटावा में बिना सुरक्षा रेलिंग वाली पुलिया के नीचे जा गिरी और पलट गई। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनकी हालत नाज़ुक बताई जा रही है।

तत्काल उपचार के लिए घायलों को भेजा अस्पताल

दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के साथ डायल-112 पायलट पंकज मालवीय और महिला आरक्षक आरती पवार ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए महिला आरक्षक आरती पवार ने जिस संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया, वह चर्चा का विषय बन गया। बिना समय गंवाए घायल युवकों को सुरक्षित बाहर निकलवाने में मदद की और उन्हें तत्काल उपचार के लिए बोरदेही उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने की व्यवस्था की।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था। ऐसे समय में महिला आरक्षक आरती पवार ने केवल पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी निभाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि मानवीय संवेदना दिखाते हुए घायलों की मदद के लिए स्वयं आगे आईं।

हादसे ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल

इटावा की पुलिया पर हुआ यह हादसा सड़क सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर तस्वीर सामने लाता है। एक ओर ग्रामीण और पुलिसकर्मी दुर्घटना के बाद घायलों की जान बचाने के लिए तत्काल सक्रिय नजर आए, वहीं दूसरी ओर पुलिया पर सुरक्षा रेलिंग का अभाव व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के बाद राहत पहुंचाना जरूरी है, लेकिन हादसा होने से पहले सुरक्षा व्यवस्था करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।

स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग

अब आश्वासन नहीं, स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारियों से इटावा की पुलिया का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। पुलिया के दोनों ओर मजबूत सुरक्षा रेलिंग लगाने के साथ पर्याप्त चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग भी की गई है।

हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल

ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार के हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है। और ग्रामीणों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ सकता है।

यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में अवैध बालू खनन पर कार्रवाई, सोन नदी से 3 ट्रैक्टर जब्त

Related to this topic: