कोरबा,(छत्तीसगढ़)। जिले के छुरी में बुधवार, 1 जुलाई 2026 की दोपहर दिनदहाड़े हथियारबंद नकाबपोश लुटेरों ने 'राज ज्वैलर्स' नामक दुकान को अपना निशाना बनाया था। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई थी। हालांकि, दुकान संचालक की सूझबूझ और अदम्य साहस के चलते लुटेरे एक बड़ी डकैती को अंजाम देने में नाकाम रहे और घबराकर मौके से फरार हो गए। इस मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के बाद से ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए दिन-रात एक करने वाली कोरबा पुलिस ने दो आरोपियों को अपनी कस्टडी में ले लिया है, जिनसे गहन पूछताछ जारी है।
ग्राहक बनकर घुसे थे लुटेरे, एक आया था महिला की वेशभूषा में
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर लगभग 1:00 बजे 'राज ज्वैलर्स' की दुकान पर तीन नकाबपोश बदमाश ग्राहक बनकर घुसे। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह का एक शातिर लुटेरा पुलिस और लोगों को चकमा देने के लिए बाकायदा महिला की वेशभूषा (सलवार-सूट) पहनकर दुकान के भीतर पहुँचा हुआ था। उस वक्त दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे।
आँखों में झोंकी मिर्च, कट्टे और चाकू की नोक पर दी दबिश
लुटेरों ने दुकान में घुसते ही सोने की अंगूठी दिखाने की मांग की। जैसे ही कर्मचारी जेवरात दिखाने लगे, बदमाशों ने अचानक उनकी आँखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद लुटेरों ने कट्टे और चाकू की नोक पर दुकान को अपने कब्जे में ले लिया। बदमाश दुकान में रखी कुछ असली और भारी मात्रा में नकली (आर्टिफिशियल) ज्वेलरी को असली समझकर समेटने लगे।
संचालक की बहादुरी से नाकाम हुई वारदात, दांत से काटा
जब लुटेरे माल समेटकर भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी दुकान के संचालक राजकुमार अग्रवाल ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख एक लुटेरे ने विरोध करने पर संचालक राजकुमार अग्रवाल के हाथ को अपने दांतों से बुरी तरह काट लिया।
एक अन्य दुकानदार पर भी चाकू से जानलेवा हमला
जब लुटेरे बाहर भाग रहे थे, तो शोर सुनकर सामने वाले एक अन्य दुकानदार ने भी उन्हें पकड़ने की कोशिश की। बदमाशों ने उस पर भी चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। संचालक और स्थानीय लोगों के कड़े विरोध के कारण बदमाश पूरी तरह घबरा गए। वे लूट का बड़ा माल ले जाने में असफल रहे और हड़बड़ाहट में अपनी प्लैटिना बाइक छोड़ गए थे।
यह भी पढ़ेंः रीवा में सड़क न होने से खाट पर अस्पताल ले जाई गई महिला की रास्ते में मौत