पुलिस के अनुसार आरोपी इन सामानों का उपयोग कर स्वयं को पुलिसकर्मी बताता था और लोगों को झांसे में लेकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था।
मोतिहारी (बिहार): सुगौली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फर्जी पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित लूट की वारदात भी टल गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान थाना क्षेत्र के भटहां गांव निवासी नितेश कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने दो स्टार लगी पुलिस वर्दी, पुलिस टोपी, एक चाकू तथा टॉर्च बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी इन सामानों का उपयोग कर स्वयं को पुलिसकर्मी बताता था और लोगों को झांसे में लेकर ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था।
तीन अन्य की पुलिस को तलाश
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य सहयोगियों के नामों का भी खुलासा किया है। इसके बाद पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पूरे गिरोह की तलाश शुरू कर दी है। संभावित लूट की योजना की भी जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में पटना में 35 लाख रुपये की ठगी से जुड़े मामले में भी आरोपित रह चुका है। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मोतिहारी जेल भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना को रोका जा सका है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।