मोतिहारी में जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों ने विधायक की तस्वीर पर 'लापता' पोस्टर लगाकर जल्द सड़क निर्माण की मांग की।
मोतिहारी (बिहार)। पताही प्रखंड मुख्यालय से झंडा चौक और सुगापीपर होते हुए शिवहर जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाली को लेकर लोगों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। सालों से जर्जर इस सड़क पर आए दिन हो रहे हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क के बीचों-बीच स्थानीय विधायक की तस्वीर लगाकर उस पर 'लापता' का पोस्टर चस्पा कर दिया और उसे फूल-माला पहनाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों का आरोप, चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र से नदारद हैं विधायक
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि चुनाव जीतने के बाद से विधायक महोदय इस क्षेत्र से पूरी तरह नदारद हैं, जबकि स्थानीय जनता हर दिन इस जानलेवा रास्ते पर सफर करने को विवश है। लोगों ने बताया कि इस सड़क की स्थिति आज से नहीं, बल्कि कई सालों से खस्ताहाल है। सड़क का हाल इतना बेहाल हो चुका है कि राहगीरों को यह समझ ही नहीं आता कि "गड्ढा सड़क में है, या सड़क गड्ढे में है।"
गड्ढों में पानी भरने से बढ़ा हादसों का खतरा
पूरी सड़क विशाल और खतरनाक गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिनमें अक्सर पानी भरा रहता है। पानी भरे होने के कारण इन गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। इस जर्जर मार्ग पर सबसे अधिक फजीहत दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल चलने वाले राहगीरों की हो रही है, जो रोजाना गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
सड़क निर्माण की मांग, ग्रामीणों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि यह मार्ग पताही के लिए शिवहर और आसपास के इलाकों में आवागमन का एक प्रमुख जरिया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का यहां से गुजरना होता है, लेकिन वर्षों से किसी भी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी ने इस जर्जर सड़क की सुध लेने की जहमत नहीं उठाई। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को खुली चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे आगे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
यह भी पढ़ें: उज्जैन शाही मस्जिद विवाद में पुलिस की कार्रवाई तेज, 30 पर FIR और 20 आरोपी गिरफ्तार