नरसिंहपुर के गाडरवारा में मोबाइल शॉप का शटर उठाकर चोर करीब दो दर्जन महंगे मोबाइल ले गए। वारदात CCTV में कैद हुई है और पुलिस जांच कर रही है।
नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश)। जिले में एक बार फिर अज्ञात चोरों के द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने का मामला सामने आया है, जिसकी शिकायत पुलिस थाने में दिए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी कर दी है। जानकारी के अनुसार, बताया गया है कि जिले के गाडरवारा में शहर के बीचो-बीच स्थित प्रकाश मोबाइल शॉप पर देर रात अज्ञात चोरों के द्वारा किसी हथियार से दुकान की शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
सीसीटीवी में कैद हुई चोरी
वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ नजर आ रहा है कि एक अज्ञात युवक मोबाइल दुकान के अंदर घुसकर महंगे मोबाइल फोन निकालकर बाहर रख रहा है। वहीं, दुकान के बाहर खड़ा दूसरा व्यक्ति उन मोबाइलों को बोरी में भरता दिखाई दे रहा है। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बोरी में मोबाइल फोन भरकर मौके से फरार हो जाते हैं। पीड़ित दुकानदार ने मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है।
दो दर्जन महंगे मोबाइल चोरी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। पीड़ित दुकानदार के मुताबिक, चोरी की इस वारदात में उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। चोर दुकान से करीब दो दर्जन महंगे मोबाइल फोन चोरी कर ले गए, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। फिलहाल स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही अज्ञात चोरों को गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, नदी किनारे मिला शव