गोण्डा के मनकापुर क्षेत्र से करीब साढ़े तीन महीने पहले लापता हुई नाबालिग किशोरी को पुलिस ने मंगलवार को सकुशल बरामद कर लिया।
गोण्डा: करीब साढ़े तीन महीने पहले घर से लापता हुई नाबालिग किशोरी की तलाश में जुटी मनकापुर पुलिस को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद करते हुए उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में वांछित चल रहे राजू खां को एलबीएस चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।
नाबालिग की तलाश में जुटी पुलिस को मिली सफलता
मामला कोतवाली मनकापुर क्षेत्र के ग्राम तेन्दुआ कला का है। पुलिस के मुताबिक 27/28 जून की रात एक नाबालिग किशोरी घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव के ही राजू खां पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को पुलिस टीम गोण्डा शहर के रोडवेज बस स्टेशन के आसपास किशोरी और आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों एलबीएस चौराहे पर कहीं जाने के लिए साधन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दी।
किशोरी को सकुशल बरामद कर भेजा कोर्ट
पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। वहीं बुर्के में मौजूद किशोरी की उसके भाई ने पहचान कर अपनी बहन के रूप में पुष्टि की। महिला पुलिसकर्मी की निगरानी में किशोरी को सकुशल थाने लाया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी राजू खां पुत्र तशरीफ, निवासी तेन्दुआ कला के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय रवाना कर दिया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक वीर पाल सिंह, कांस्टेबल अतुल वर्मा और महिला कांस्टेबल ज्योती यादव शामिल रहीं।
ये भी पढ़ें- मुंगेर में नई रेल सुरंग में मिला युवक का शव, सिर पर चोट से हत्या की आशंका