भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के दौर यानी 'नौतपा' के बीच मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में...
MP News : नौतपा के बीच ग्वालियर-मुरैना में बारिश, 6 जिलों में ओले और आंधी का अलर्ट |
भोपाल। मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में तपती गर्मी से परेशान लोगों को मौसम के इस बदले मिजाज से बड़ी राहत मिली है। शुक्रवार सुबह ग्वालियर और मुरैना समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में भारी गिरावट आई है।
ग्वालियर और मुरैना में सुबह से बारिश
शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे से ही ग्वालियर में रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, वहीं पड़ोसी जिले मुरैना में तेज बौछारें पड़ीं। अचानक हुई इस बारिश और ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को पिछले कई दिनों से सता रही भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है। इससे पहले गुरुवार को भी दमोह समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में झमाझम बारिश हुई थी और कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे थे।
मौसम केंद्र के अनुसार, प्रदेश में इस समय दोहरा मौसम देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां कुछ जिलों में पारा आसमान छू रहा है, वहीं दूसरी तरफ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के चलते मौसम में यह बदलाव आया है।
प्रदेश के 6 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के 6 जिलों में लू (Heatwave) के साथ-साथ तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि (Hailstorm) का अलर्ट जारी किया है।
27 जिलों में भीषण गर्मी
राहत के बीच प्रदेश के 27 जिलों में अभी भी गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा, जहाँ तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार रहने की संभावना जताई गई है। नौतपा के दिनों में इस तरह अचानक आंधी-बारिश होने से वातावरण में घुली उमस से अस्थाई राहत तो मिली है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दोपहर बाद कई जिलों में धूप निकलने पर उमस और बढ़ सकती है।
यह भी पढ़े : https://www.primenewsnetwork.in/india/nia-raids-four-states-in-connection-with-terror-plot-linked-to-pakistan/209348