गुजरात के राजकोट शहर में सोना-चांदी लूटकर फरार हुए बदमाशों के खिलाफ सिरोही पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शूटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सिरोही: गुजरात के राजकोट शहर में सोना-चांदी लूटकर फरार हुए बदमाशों के खिलाफ सिरोही पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शूटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 55 लाख 7 हजार रुपये कीमत का सोना-चांदी बरामद किया गया है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त टाटा टिगोर कार भी जब्त की गई है। सिरोही पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, गुजरात के राजकोट शहर में 14 अक्टूबर 2026 को सोना-चांदी लूट की वारदात सामने आई थी। आरोपियों ने फर्म की सुरक्षा में तैनात गार्ड को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद टाटा टिगोर कार में सवार होकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। सिरोही जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष को मिली सूचना के आधार पर पिंडवाड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहन और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई।
1.55 करोड़ रुपये का सोना-चांदी बरामद
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग वजन की ढली हुई सोने की सिल्लियां और चांदी का पाउडर बरामद किया गया है। बरामद माल में करीब 946 ग्राम सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 48 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, करीब 2.870 किलोग्राम चांदी की अनुमानित कीमत 6 लाख 17 हजार रुपये है। इस तरह कुल बरामद माल की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 55 लाख 7 हजार रुपये है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त टाटा टिगोर कार को भी बरामद किया है।
उत्तर प्रदेश के चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
- - विशाल सिंह (23 वर्ष): पुत्र विनोद सिंह, निवासी भीखपुरा, थाना सादात, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश।
- - शिवम गुप्ता (18 वर्ष): पुत्र गिरिशचन्द्र गुप्ता, निवासी मुकुंदपुरा, थाना सादात, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश।
- - अनुराग सिंह (21 वर्ष): पुत्र ओमप्रकाश सिंह, निवासी मिर्जापुर, थाना बहरियाबाद, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश।
- - अश्विनी सिंह उर्फ लंकेश (27 वर्ष): पुत्र मनोहर सिंह, निवासी कमहरिया, थाना बलुआ, जिला चंदौली, उत्तर प्रदेश।
ये भी पढ़ें: कटघोरा में सड़क की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, 16 अक्टूबर को चक्काजाम की चेतावनी