सागर शराब कांड के बाद बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बैतूल: सागर शराब कांड के बाद बैतूल में जिला कलेक्टर डॉ सौरभ सोनवणे ने अवैध शराब को लेकर अभियान छेड़ दिया है। ताबड़तोड़ कार्यवाही कर अवैध शराब के अड्डों पर दबिश देकर कार्यवाही की जा रही है। बड़ी मात्रा में कच्ची शराब पकड़कर महुआ लहान किया गया।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
मुलताई में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। आबकारी अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह चढ़ार आबकारी विभाग द्वारा वृत्त मुलताई में नरखेड़, पट्टन, पांडरी, खड़की, उमरी और घाना में कार्यवाही की गई। जंगलों में हाथ भट्टी के माध्यम से कच्ची शराब के अड्डे धड़ल्ले से चल रहें थे। मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग ने घेराबंदी कर बड़ी कार्रवाई की।
लाखों की अवैध शराब और सामग्री जब्त
सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप सिंह भादे के नेतृत्व में की गई कार्यवाही के दौरान कुल 09 आपराधिक प्रकरण मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) क च के तहत दर्ज किए गए। जिला दबिश की कार्यवाही में हाथ भट्टी मदिरा 20 लीटर, ओसी के 10 पाव को मौके से जब्त किया गया और 3100 किलोग्राम महुआ लाहन को मौके पर नष्ट किया गया। ज़ब्त मदिरा और लहान का अनुमानित मूल्य लगभग 3,14,480 रुपए है। उक्त कार्यवाही में मुलताई उप निरीक्षक पूजा मालवीय, पंकज लोखंडे, जुथिका वर्मा तथा आबकारी के मुख्य आरक्षक, आरक्षक और होमगार्ड सैनिक उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें- पांच बुलडोजर के साथ पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम, 10 दुकानों के अवैध निर्माण को किया ध्वस्त