रीवा गैंगवार मामले में नया मोड़ आया है। फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद फरियादी बनाए गए अक्षत सोनी को भी पुलिस आरोपी बनाने की तैयारी कर रही है।
Rewa Gang War: Police's Main Witness and 'Victim' Exposed as Firing Mastermind |
रीवा (मध्यप्रदेश)। बिछिया थाना इलाके में सोमवार रात हुए गैंगवार और 5 राउंड फायरिंग के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने एफआईआर में जिस अक्षत सोनी को पीड़ित बनाया था, असल में वही वारदात का मुख्य आरोपी निकला। बुधवार सुबह उसका फायरिंग करते हुए वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की पूरी कहानी पलट गई है।
सनरूफ से फायरिंग करते दिखा अक्षत सोनी
वीडियो में अक्षत सोनी खुलेआम हाथों में दो-दो पिस्टल लिए कार चलाते हुए दिखाई दे रहा है। कुछ ही देर बाद वह कार की सनरूफ खोलकर सरेराह बीच सड़क पर फायरिंग करता नजर आता है। हालांकि पुलिस यह भी तर्क दे रही है कि ये वीडियो कुछ दिन पुराना भी हो सकता है। लेकिन एक बात साफ है कि दो-दो अवैध हथियार और बीच सड़क फायरिंग इसे गंभीर आपराधिक श्रेणी में लाकर खड़ा कर रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस ने दी थी क्लीनचिट
सोमवार देर रात हुई इस गैंगवार की घटना में बिछिया थाना पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई की थी। पुलिस ने अक्षत सोनी को फरियादी मानते हुए अभय, विकास, प्रिंस और नमन समेत 4 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया था और अक्षत को क्लीनचिट दे दी थी। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की पहले ही पड़ताल कर ली थी, तो अक्षत की यह भूमिका पुलिस की नजरों से कैसे बच गई?
अब अक्षत भी बनाया जा रहा आरोपी
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस बैकफुट पर आ गई है। इस मामले में नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक ने सफाई देते हुए बताया, प्रारंभिक जांच के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर अक्षत सोनी को फरियादी बनाया गया था। लेकिन, अब फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद अक्षत सोनी को भी आरोपी बनाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस गैंगवार में दोनों पक्षों की भूमिका सामने आई है और दोनों पक्ष बराबर रूप से आरोपी पाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़ के शातिर गौकश गिरफ्तार, जिंदा गोवंश और हथियार बरामद