रीवा के संजय गांधी अस्पताल में लापरवाही के आरोप में मरीज की मौत पर हंगामा। परिजनों ने समय पर इलाज न मिलने और स्ट्रेचर न मिलने का लगाया गंभीर आरोप। पढ़ें पूरी खबर।
रीवा (मध्य प्रदेश)। संजय गांधी अस्पताल में बीती रात एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सकों और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए। हंगामे के दौरान परिजन अन्य मरीजों और उनके परिजनों से अस्पताल छोड़कर जाने की अपील करते हुए भी नजर आए।
सीने में दर्द के बाद भर्ती हुए थे अख्तर अली
जानकारी के मुताबिक घोघर निवासी अख्तर अली को करीब तीन दिन पहले सीने में दर्द की शिकायत के बाद संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने मरीज को वार्ड नंबर-3 स्थित गंभीर रोगी वार्ड में ले जाने की बात कही।
स्ट्रेचर न मिलने और लापरवाही के गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि इस दौरान वार्ड बॉय और स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते मरीज को खुद चलकर वार्ड नंबर-4 से वार्ड नंबर-3 तक जाना पड़ा। परिजनों का दावा है कि गंभीर हालत में मरीज को देखने के लिए वार्ड में मौजूद चिकित्सकों से कई बार आग्रह किया गया, लेकिन समय पर ध्यान नहीं दिया गया।परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी दौरान चिकित्सकों की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि मरता है तो मर जाए।
इलाज में देरी और डॉक्टरों पर असंवेदनशीलता का आरोप
कुछ देर बाद मरीज की हालत दोबारा बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और काफी देर तक समझाइश देकर मामला शांत कराया| बताया जा रहा है कि विवाद के बाद मृतक के परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर घर चले गए।अस्पताल प्रबंधन ने जांच की बात कही।
यह भी पढ़ें: रीवा में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला फरार आरोपी महाराष्ट्र के अहमदनगर से गिरफ्तार