प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

तेज डीजे के कंपन से गिरी मकान की छत

शुजालपुर में गणेश विसर्जन के दौरान तेज डीजे की कंपन से ढही मकान की छत, सिविल अस्पताल के पास हुआ हादसा

शाजापुर के शुजालपुर में सिविल अस्पताल के पास गणेश विसर्जन के दौरान बज रहे तेज डीजे के कंपन से एक मकान की छत का हिस्सा गिर गया।

शुजालपुर में गणेश विसर्जन के दौरान तेज डीजे की कंपन से ढही मकान की छत सिविल अस्पताल के पास हुआ हादसा

तेज आवाज से गिर छत का हिस्सा |

शाजापुर (मध्य प्रदेश)। भगवान गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार रात शहर में तेज आवाज में बज रहे डीजे से नागरिकों की परेशानी के बीच चौबे मार्ग क्षेत्र में एक मकान की छत का हिस्सा गिर गया। यह मकान शहर के एकमात्र सिविल अस्पताल के समीप है। आसपास मरीजों के उपचार व भर्ती की चिकित्सा सुविधाएं भी हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजने को लेकर प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।

विसर्जन चल समारोह के दौरान डीजे का तेज आवाज

शहर के साहित्यकार स्वर्गीय शदर राव देशमुख की पत्नी एवं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ पदाधिकारी डां अभिजीत देशमुख की माताजी शैलजा देशमुख इस हादसे में बाल बाल बची। उन्होंने बताया कि वे शनिवार रात घर में टीवी देख रही थीं। विसर्जन चल समारोह के दौरान डीजे की तेज आवाज के कारण उन्होंने टीवी बंद कर दिया।

छत का एक हिस्सा नीचे गिरा

कुछ देर बाद दूसरे कमरे से धमाके जैसी आवाज आई। वहां पहुंचने पर छत का एक हिस्सा नीचे गिरा मिला। पंखा और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। उनका कहना है कि डीजे की तेज आवाज के दौरान मकान में कंपन महसूस हो रहा था। उन्होंने डीजे की तीव्र आवाज पर रोक लगाने की मांग की। सूत्रों के अनुसार शनिवार रात पुलिस ने शहर में करीब दो घंटे तक तेज आवाज में बज रहे एक डीजे को कार्रवाई के लिए रोका भी था।

कुछ स्थानों पर प्रतिबंध के बावजूद डीजे बजे

हालांकि बाद में कुछ लोगों के हस्तक्षेप के चलते उसे छोड़ दिए जाने की बात सामने आई है। इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गणेश विसर्जन के दौरान अधिकांश आयोजकों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ सादगी और भक्तिभाव से आयोजन किया, लेकिन कुछ स्थानों पर प्रतिबंध के बावजूद डीजे बजने की बात सामने आई।

यातायात सहित नियमों के उल्लंघन की स्थितियां लगातार सामने आ रही

सवाल यह है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इतनी तेज आवाज में डीजे बजने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? जिला मुख्यालय पर कलेक्टर और एसपी व्यवस्थाओं को लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं तथा पुलिसिंग में नए प्रयोग किए जा रहे हैं। इसके बावजूद शुजालपुर में कानून, यातायात सहित नियमों के उल्लंघन की स्थितियां लगातार सामने आती रही हैं।

यह भी पढ़ेंः पीएम आवास पर स्टे लगाने पर कलेक्टर ने गुढ़ तहसीलदार को लगाई कड़ी फटकार

Related to this topic: