यूपी के सहारनपुर में पुलिस ने सवा लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर ललन सिंह को एनकाउंटर में मार गिराया है। बिहार के रहने वाले ललन सिंह पर सब इंस्पेक्टर की हत्या और लूट समेत दर्जनों संगीन मामले दर्ज थे।
सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सवा लाख रुपये के इनामी बदमाश ललन सिंह उर्फ लल्लन को एनकाउंटर में मार गिराया है। यह मुठभेड़ एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह की अगुवाई वाली टीम ने सहारनपुर में की, जहां ललन सिंह का पुलिस के साथ आमना-सामना हुआ।
बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला था ललन सिंह
बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला ललन सिंह पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ था। वाराणसी पुलिस कमिश्नर ने ललन सिंह के ऊपर एक लाख रुपये और चंदौली एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। ललन सिंह के खिलाफ लूट, हत्या, डकैती जैसे कई संगीन मामले दर्ज थे।
हत्या और लूट के संगीन मामले
ललन सिंह के खिलाफ कुल सात हत्या के मुकदमे दर्ज थे। 2022 के नवंबर में वाराणसी में उसने एक सब इंस्पेक्टर को गोली मारकर उसकी सरकारी पिस्टल लूट ली थी। कुछ दिन पहले ही चंदौली में एक युवक को गोली मारकर उसकी बाइक छीन ली थी। बिहार में भी उनके खिलाफ दो सब इंस्पेक्टरों, एक बैंक कैशियर और एक सिक्योरिटी गार्ड की हत्याओं के मामले थे। इसके अलावा बैंक और कैश वैन लूटने के केस भी उन पर दर्ज थे।
सहारनपुर के सरसावा-नकुड़ रोड पर हुई मुठभेड़
देर रात सहारनपुर के सरसावा-नकुड़ रोड पर पुलिस और ललन सिंह की टीम के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में ललन सिंह को गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे पहले CHC सरसावा ले जाया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ललन सिंह का साथी फरार, तलाश जारी
मुठभेड़ के दौरान ललन सिंह का एक साथी फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। यह एनकाउंटर पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, क्योंकि ललन सिंह की घटनाओं ने इलाके में खौफ का माहौल बना रखा था।