प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

बीरोंखाल में सतपाल महाराज ने किए विकास कार्य समर्प

सतपाल महाराज ने बीरोंखाल में 120 करोड़ की जलागम परियोजना के कार्यों का लिया जायजा, कई योजनाओं का लोकार्पण

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बीरोंखाल में 120 करोड़ की जलवायु अनुकूल कृषि परियोजना और करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

सतपाल महाराज ने बीरोंखाल में 120 करोड़ की जलागम परियोजना के कार्यों का लिया जायजा कई योजनाओं का लोकार्पण

Cabinet Minister Satpal Maharaj in Birokhal, Pauri |

पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने मंगलवार को बीरोंखाल विकासखंड में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए 120 करोड़ रुपये की लागत वाली 'उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना' (जलागम) के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और कई करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

जलवायु अनुकूल कृषि परियोजना से संवर रही तकदीर

चौबट्टाखाल विधानसभा के अंतर्गत आने वाली 78 में से 68 ग्राम पंचायतों में इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। वर्ष 2024 से 2030 तक की अवधि के लिए बीरोंखाल ब्लॉक में लगभग 120 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होने का अनुमान है। इस योजना के सफल और सुगम संचालन के लिए स्यूंसी मैठाणाघाट और स्यूंसी में 03 यूनिटों का विशेष गठन किया गया है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का काम कर रही हैं।

सिंचाई और कृषि विविधीकरण को मिला बढ़ावा

मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि प्रदर्शन इकाई और ग्राम पंचायत बजट के तहत कृषि को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर काम किए गए हैं। क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा के लिए 12 एलडीपीई टैंक और 07 पहले से तैयार वॉटर हार्वेस्टिंग टैंक स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, उद्यान विकास के लिए ड्रिप सिंचाई की 10 प्रदर्शन इकाइयां, सब्जी उत्पादन के लिए 30 प्रदर्शन इकाइयां और मल्चिंग तकनीक पर आधारित 57 प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं।

उन्नत बीजों और पॉली टनल का वितरण

कृषि उत्पादन को बढ़ाने के लिए किसानों को रबी और खरीफ फसलों के उन्नत बीज बड़े पैमाने पर बांटे गए हैं। रबी फसल के तहत गेहूं, सरसों, मटर, आलू और लहसुन का बीज 45 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन हेतु वितरित किया गया है। वहीं, खरीफ फसल के अंतर्गत मक्का, मंडुवा, उड़द, मूंग, धान, सोयाबीन और स्वीट कॉर्न का बीज 102 हेक्टेयर भूमि के लिए दिया गया है। सब्जी एवं मसाला उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, भिंडी, फ्रास बीन, हल्दी और अदरक का बीज 25 हेक्टेयर क्षेत्र में वितरित किया गया है। इसके साथ ही, जैविक खेती को बढ़ावा देने के वास्ते 09 वर्मी कंपोस्ट और 21 बायो-कंपोस्ट इकाइयां स्थापित की गई हैं, 90 पॉली टनल लगाई गई हैं और पशुपालन को सुधारने के लिए 21 बकरा सांड वितरित किए गए हैं।

करोड़ों की सौगात: शिलान्यास और लोकार्पण

बहुउद्देशीय शिविर के दौरान कैबिनेट मंत्री ने स्थानीय जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर ही उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात जनता को समर्पित की:

  • बीरोंखाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय इंटर कॉलेज के नवीन भवन और कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया।
  • समग्र शिक्षा अभियान के तहत 21.4 लाख रुपये की लागत से तैयार राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया।
  • रसिया महादेव में 3 करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से निर्मित 24 शैय्याओं वाले नवनिर्मित पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण किया।

विधायक निधि से विकास कार्यों की घोषणा

क्षेत्रीय जनता की मांग और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सतपाल महाराज ने विधायक निधि से नई घोषणाएं कीं। उन्होंने चितौण खाल तक मोटर मार्ग मिलान के लिए 04 लाख रुपये और हिंडोला गैरी से हनुमान गद्दी बड़ेस ढय्या तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 03 लाख रुपये की धनराशि विधायक निधि से देने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें: सीएम धामी से एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने की भेंट, युवाओं को 'फ्यूचर रेडी' बनने का संदेश

Related to this topic: