कुल्हड़िया रेलवे ओवरब्रिज के समीप गुरुवार सुबह एक स्कूल वाहन और बालू लदे ट्रक की टक्कर में तीन छोटे बच्चे एवं वाहन चालक घायल हो गए।
भोजपुर {बिहार}: कुल्हड़िया रेलवे ओवरब्रिज के समीप गुरुवार सुबह एक स्कूल वाहन और बालू लदे ट्रक की टक्कर में तीन छोटे बच्चे एवं वाहन चालक घायल हो गए। सभी घायलों को डायल-112 पुलिस टीम की मदद से कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।
तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, संस्कार पब्लिक स्कूल की वैन प्रतिदिन की तरह सकड्डी से बच्चों को लेकर भदवर गांव की ओर अन्य छात्रों को लेने जा रही थी। इसी दौरान कुल्हड़िया रेलवे ओवरब्रिज के पास चांदी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने स्कूल वाहन में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
तीन मासूम बच्चे हुए घायल
घायलों में सकड्डी निवासी मन्नू राय के पुत्र गोलू कुमार (5), जो नर्सरी का छात्र है, सकड्डी निवासी राजू शर्मा के पुत्र अंकुश कुमार (5), नर्सरी छात्र, खुशी कुमारी (6), एलकेजी की छात्रा तथा धनडीहां निवासी सुरेश पांडेय के पुत्र व वाहन चालक सुनील कुमार पांडेय (30) शामिल हैं।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना पर कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चन्द्र भी घटनास्थल पहुंचे, स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी।
सभी घायल खतरे से बाहर
पुलिस के अनुसार, सभी घायल खतरे से बाहर हैं और मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े: बैल चराने गया युवक कैनाल पार करते समय डूबा, मौत