कटनी में पुलिस पर एक व्यक्ति को पूरी रात थाने में रखकर उसके साथ मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं।
कटनी,(मध्यप्रदेश)। में एक युवक ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाकर हड़कंप मचा दिया है। एसपी ऑफिस पहुंचे युवक का दावा है कि अग्रिम जमानत मिलने के बावजूद उसे घर से उठाकर थाने ले जाया गया, जहां पूरी रात हिरासत में रखकर मारपीट की गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। युवक ने सीधे माधवनगर थाना प्रभारी पर थर्ड डिग्री टॉर्चर के आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक का कहना है कि शिकायत मिली है, जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए गए तो कार्रवाई होगी।
माधवनगर थाना क्षेत्र का है मामला
माधवनगर थाना क्षेत्र के हाउसिंग बोर्ड निवासी सौरभ द्विवेदी ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। सौरभ का आरोप है कि नाजिम खान के घर के गेट में हुई आगजनी के मामले में उसे पहले ही न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। इसके बावजूद 23 जून की रात माधवनगर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ उसके घर पहुंचे और पूछताछ के नाम पर उसे थाने ले गए।
पूरी रात और अगले दिन तक थाने में रखा
मामले की शिकायत लेकर पहुंचे सौरभ द्विवेदी ने आरोप है, कि उसे पूरी रात और अगले दिन तक थाने में रखा गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई, भूखा-प्यासा रखा गया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दी गईं। सौरभ का कहना है, कि घटना के बाद से वह मानसिक तनाव में है और उसका इलाज भी चल रहा है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले पर कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा का कहना है, कि शिकायत प्राप्त हुई है। प्रारंभिक तौर पर शिकायतकर्ता आगजनी मामले में आरोपी है और संभवतः पूछताछ के लिए बुलाया गया होगा।
मारपीट और प्रताड़ना के आरोपों की होगी जांच
मारपीट और प्रताड़ना के आरोपों की जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक के आरोपों और पुलिस के जवाब के बीच सच्चाई क्या है, इसका फैसला जांच के बाद ही होगा। लेकिन शिकायत ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली जिला अस्पताल पर गंभीर आरोप, मरीजों को चढ़ाई जा रही एक्सपायरी ग्लूकोज और इंजेक्शन