सिरोही में सदर पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में करीब 20 वारदातों के सुराग मिले हैं।
सिरोही (राजस्थान)। सदर पुलिस ने चोरी एवं लूट की वारदातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों से करीब 20 वारदातों के सुराग सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने आबूरोड सहित अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदातें कबूल की हैं।
मंदिरों और बाजारों के आसपास बाइक बनाते थे निशाना
आरोपी मंदिरों, घरों और बाजारों के आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। पूछताछ में मोबाइल छीनने और लूट की कई वारदातों का भी खुलासा हुआ है। मुगथला क्षेत्र में महिलाओं के साथ मारपीट कर सोने की चेन और मंगलसूत्र लूटने की वारदात के संबंध में भी पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
मोबाइल छीनकर फोन-पे से रुपये ट्रांसफर कराने का खुलासा
आरोपियों ने फरवरी में मोबाइल छीनने के बाद फोन-पे के जरिए 2 हजार रुपये ट्रांसफर करवाने की वारदात भी कबूल की है। पुलिस जांच में आबूरोड, रेवदर और मंडार थाना क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम देने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आवल निवासी बादल पुत्र वरदाराम गरासिया, जयंती पुत्र बदाराम निवासी दुनाकाकर तथा चनार की देवराजी फली निवासी गलाराम पुत्र दलाराम को गिरफ्तार किया है।
CCTV और तकनीकी जांच से पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को ट्रेस किया। अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की मोटरसाइकिलों, मोबाइल और लूटे गए अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में सदर थानाधिकारी प्रदीप डांगा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
यह भी पढ़े: इटावा में पुराने तीन मामलों में दो दोषियों को सजा, अदालतों ने लगाया जुर्माना