गोंडा में सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर तहसील का घेराव कर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
गोंडा {उत्तर प्रदेश}: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित विवादित टिप्पणी के मामले में पूर्व समाजवादी पार्टी विधायक बैजनाथ दुबे के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं ने तहसील का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नेहा मिश्रा को सौंपा गया।
मुकदमा वापस लेने की उठाई मांग
सपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे पर दर्ज मुकदमे को राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि कटरा बाजार के पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे ने अयोध्या चंदा प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित टिप्पणी की थी। इसके बाद भाजपा नेता नीरज मौर्य की शिकायत पर गोंडा नगर कोतवाली में उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
कांग्रेस ने भी किया समर्थन
प्रदर्शन को कांग्रेस का भी समर्थन मिला। कांग्रेस के प्रदेश सचिव त्रिलोकी नाथ तिवारी अपने समर्थकों के साथ धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए और बैजनाथ दुबे के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सपा नेता एवं अधिवक्ता अरविंद शुक्ला समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़े: मतदान केंद्रों के प्रस्तावित स्थानांतरण का कांग्रेस ने किया विरोध, जिलाधिकारी के नाम सौंपा ज्ञापन