जौनपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से हुआ दर्दनाक हादसा एक परिवार की खुशियां छीन ले गया।
जौनपुर,(उत्तर प्रदेश)। जौनपुर-भदोही राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। देर रात एक बेकाबू ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी टाटा 1109 में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन एक मकान में जा घुसा और घर के बाहर चारपाई पर सो रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
देर रात करीब 12 बजे हुई दुर्घटना
दुर्घटना रामपुर थाना क्षेत्र के मई गांव के पास देर रात करीब 12 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक जौनपुर से भदोही की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी टाटा 1109 में पीछे से टकरा गया। टक्कर के बाद टाटा 1109 आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा।
सूरज गुप्ता की मौके पर ही मौत
उस समय मकान के बाहर चारपाई पर सो रहे दो सगे भाई वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में 17 वर्षीय सूरज गुप्ता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका 15 वर्षीय भाई राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरी चारपाई पर सो रही मंजू देवी भी हादसे में घायल हो गईं।
मौके पर अफरा-तफरी का माहौल
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ेंः मुरैना में सड़क निर्माण की मांग को लेकर अनशन पर बैठे नवनीत तोमर को पुलिस ने उठाया, भेजा गया जेल