चांदपुर और जहानाबाद पुलिस ने शनिवार की देर रात एक मुठभेड़ के बाद तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए चांदपुर और जहानाबाद पुलिस ने शनिवार की देर रात हरकुंडी पुलिया अमौली के पास मुठभेड़ में तीन शातिर आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से हथियारों और चोरी के माल का बड़ा जखीरा बरामद करने का दावा किया है।
कार्रवाई के दौरान सुमित के बाएं पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में सुमित कुमार उर्फ ज्वाला सोनकर निवासी अमौली, शोमिल पटेल निवासी सैंठी और निहाल पुत्र शकील उर्फ शफीक सिद्दीकी निवासी अमौली को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान सुमित के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया।
हथियारों के साथ चोरी का माल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा तीन जोड़ी सफेद धातु की पायल, पांच सिक्के, पांच जोड़ी बिछिया, 20,500 रुपये नकद और चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
तीन मुकदमों में थे पुलिस के निशाने पर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना चांदपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 149/2026 और 91/2026 तथा थाना जहानाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 129/2026 में प्रकाश में आए थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ फतेहपुर जनपद के विभिन्न थानों के अलावा अन्य जनपदों में भी 10 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस की गोली से खुला अपराध का खेल
हरकुंडी पुलिया के पास देर रात हुई मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी मचा दी। पुलिस की घेराबंदी के बाद हुई कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि दो अन्य को दबोच लिया गया। बरामद हथियार और चोरी का सामान आरोपियों के अपराधी नेटवर्क की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है। चांदपुर पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः 'Coco 2' 2029 में रिलीज़ होगी; बेंजामिन ब्रैट अर्नेस्टो डे ला क्रूज़ का किरदार फिर से निभाएंगे