बरेली के मीरगंज फ्लाईओवर पर रॉन्ग साइड से आ रहे थ्री व्हीलर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए।
Three-wheeler driving on the wrong side wreaks havoc on Mirganj flyover; three injured, including a couple |
बरेली (उत्तर प्रदेश)। बरेली जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र में बुधवार को नेशनल हाईवे स्थित मीरगंज फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे एक थ्री व्हीलर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। जिससे दंपति समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
रॉन्ग साइड से आ रहा था थ्री व्हीलर
पुलिस के अनुसार आनंद स्वरूप पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी थाना मिलक, जनपद रामपुर अपने थ्री व्हीलर संख्या UP22CT1061 को लेकर मीरगंज फ्लाईओवर पर रॉन्ग साइड से आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक वाहन को तेज गति से लहराते हुए चला रहा था। इसी दौरान सामने से अपनी सही दिशा में जा रहे बाइक सवार सतपाल पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी शाहजहांपुर और उनकी पत्नी गुड्डी उसकी चपेट में आ गए। थ्री व्हीलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
पहली टक्कर के बाद दूसरी बाइक से भिड़ा अनियंत्रित थ्री व्हीलर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहली टक्कर के बाद भी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित थ्री व्हीलर आगे बढ़ा और दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी। इस हादसे में हरिशंकर पुत्र धर्मपाल निवासी ग्राम मांडवा बंशीपुर, थाना शाही भी घायल हो गए। वह अपनी बाइक से मीरगंज से मिलक की ओर जा रहे थे।
पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही थाना मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के कारण फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से यातायात व्यवस्था जल्द ही सामान्य हो गई।
चालक की लापरवाही आई सामने
इंस्पेक्टर मीरगंज रवि कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीनों व्यक्तियों का उपचार कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में थ्री व्हीलर चालक की लापरवाही सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और रॉन्ग साइड वाहन न चलाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: निजीकरण के विरोध में वकीलों और स्टांप विक्रेताओं का प्रदर्शन, रजिस्ट्री कार्यालय पर जड़ा ताला