हरियाणा में रविवार को पुलिस और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो शूटरों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाश मारे गए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या में शामिल थे।
बहादुरगढ़ (हरियाणा)। हरियाणा में रविवार को पुलिस और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो शूटरों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों बदमाश मारे गए। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या में शामिल थे। एसपी एसटीएफ विक्रांत भूषण ने बताया कि मारे गए शूटरों की पहचान परवेश और हिमांशु के रूप में हुई है। उन्होंने कहा, "पिछले महीने हांसी में दो अज्ञात व्यक्तियों ने जिम संचालक कपिल की हत्या कर दी थी। इस घटना के संबंध में हांसी सिटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि इस वारदात को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो मुख्य शूटर परवेश और हिमांशु ने अंजाम दिया था।"
नई वारदात की तैयारी की मिली थी सूचना
भूषण ने बताया कि काउंटर इंटेलिजेंस और दिल्ली स्पेशल सेल यूनिट के प्रभारी मनजीत को सूचना मिली थी कि दोनों वांछित शूटर हथियारों और गोला-बारूद से लैस हैं तथा किसी नए अपराध को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में मारे गए
उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीम ने दोनों को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों शूटर गंभीर रूप से घायल हो गए। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल के पैर में गोली लगी, जबकि चार अन्य पुलिस अधिकारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं। इससे बड़ा हादसा टल गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घायल अवस्था में दोनों आरोपियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल कांस्टेबल को बेहतर इलाज के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: अब डिजिटल होगी राजस्व न्याय व्यवस्था, सुरक्षित रहेंगे मूल अभिलेख