प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

नौकरी और ट्रांसफर के नाम पर लाखों की ठगी

झालावाड़ में नौकरी और ट्रांसफर का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाली दो महिला आरोपी गिरफ्तार

झालावाड़ पुलिस ने सरकारी नौकरी और ट्रांसफर का झांसा देकर बेरोजगारों से लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह की दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

झालावाड़ में नौकरी और ट्रांसफर का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाली दो महिला आरोपी गिरफ्तार

Two Women Arrested for Job Fraud Scam in Jhalawar |

झालावाड़ (राजस्थान)। सरकारी एवं संविदा नौकरी लगवाने तथा सरकारी विभागों में ट्रांसफर कराने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ झालावाड़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह गांव-गांव जाकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे गरीब एवं मध्यम वर्गीय बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाता था। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि थाना कोतवाली झालावाड़ में दर्ज प्रकरण के तहत कार्रवाई की गई। शिकायत और अनुसंधान के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने सरकारी विभागों, अस्पतालों एवं स्कूलों में पक्की अथवा संविदा नौकरी लगवाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से 1.50 लाख से 25 लाख रुपये तक की रकम नकद और ऑनलाइन माध्यम से ली। अनुसंधान में अब तक सामने आए 8 फरियादियों से कुल 16.40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आई है, जिसमें 11.60 लाख रुपये नकद और 4.80 लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से लिए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।

डेढ़ माह से फरार थीं आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह खरेड़ा के निकटतम सुपरविजन में टीम गठित की गई। थाना मंडावर थानाधिकारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब डेढ़ माह से फरार चल रही दोनों महिला आरोपियों को 24 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हमीदा उर्फ तमन्ना (36) निवासी सफल रेजीडेंसी, झालावाड़ तथा अंजुम (52) निवासी पायगा मोहल्ला, झालावाड़ शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ हुई व्हाट्सऐप चैट तथा फरियादियों के शैक्षणिक दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ और अनुसंधान जारी है। दोनों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है। गिरोह के दो सदस्यों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है, जबकि अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस की आमजन से अपील

झालावाड़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सरकारी अथवा संविदा नौकरी पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और मेरिट के आधार पर ही प्राप्त होती है। नौकरी या ट्रांसफर के नाम पर पैसे मांगने वाले किसी व्यक्ति को राशि नहीं दें। 

यह भी पढ़ें:   शाजापुर में मरे वानर राज का इंसानों की तरह हुआ अंतिम संस्कार, युवाओं ने मुंडन कराकर किया पिंडदान और भंडारा

Related to this topic: